
लखनऊ. लखनऊ में बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है। हजरतगंज में 5 मंजिला अलाया अपार्टमेंट की बिल्डिंग गिरने से हड़कंप मच गया है। अबतक बिल्डिंग के मलबे से 9 लोग निकाले गए हैं। मौके पर लोगों का निकालने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी हैं। घायलों को सिविल अस्पताल और केजीएमयू में भर्ती किया जा रहा है। भूकंप के कारण बिल्डिंग गिरने का अनुमान जताया जा रहा है। बिल्डिंग गिरने से कई लोगों के दबे होने की संभावना जताई जा रही है। ये हादसा हजरतगंज क्षेत्र के वजीर हसन रोड पर हुआ है। बिल्डिंग करीब 10 साल पुरानी बताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF,SDRF को लगाया गया।
मौके पर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे में दबे लोगों के परिजन दुआएं कर रहे हैं। परिजन लगातार अपनों के लिए दुआएं कर रहे हैं। नम आंखों से परिवार के लोग अपनों के सुरक्षित होने की दुआएं कर रहे हैं। हजरतगंज स्थित अलाया अपार्टमेंट ताश के पत्ते की तरह ढह गया है। मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है, बिल्डिंग का मलबा हटाया जा रहा है, बिल्डिंग करीब 10 साल पुरानी बताई जा रही है।
भूकंप से नहीं बेसमेंट में कंस्ट्रक्शन से गिरी बिल्डिंग-चश्मदीद
लखनऊ बिल्डिंग हादसे की चश्मदीदों ने भारत समाचार से बात करते हुए कई बड़े खुलासे किये हैं। चश्मदीद अनुजा ने कहा अमाया अपार्टमेंट की बिल्डिंग अचानक ढही। शाम 6.47 बजे की घटना है। 8 से 10 लोग अभी भी फंसे है। वहीं चश्मदीद शिखा ने कहा सेकेंडों में पूरी बिल्डिंग गिर गई। सिलेंडर फटने की कोई आवाज नहीं आई। वहीं दीपक का कहना है कि भूकंप से ये बिल्डिंग नहीं गिरी है बिल्डिंग में कंस्ट्रक्शन चल रहा था, बेसमेंट में चल रहे कंस्ट्रक्शन से बिल्डिंग गिरी है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हजरतगंज के वजीरहसन रोड स्थित अलाया अपार्टमेंट गिरने की घटना दुखद बताया। उन्होंने कहा कि घायलों को बचाने की दिशा में तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। पुलिस, फायर व एनडीआरएफ के जवाब मुस्तैदी से लोगों को जीवित निकालने में जुटे हैं। घटनास्थल पर स्वास्थ्य विभाग की कई टीमे लगाई गई हैं। जो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद कर रही हैं। आधा दर्जन से अधिक एम्बुलेंस मौके पर लगा दी गई हैं। ब्लड बैंकों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। वरिष्ठ चिकित्सकों को अस्पताल में बने रहने का निर्देश दिए गए हैं।
हादसे के कारणों का लगा रहे पता- ब्रजेश पाठक
अलाया अपार्टमेंट गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि कारणों का पता लगने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अभी हमारी प्राथमिकता घायलों को जीवित बचाने की है। उन्हें बेहतर उपचार मुहैया कराने की है। सभी घायलों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। लखनऊ बिल्डिंग हादसे पर नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा भूकंप के चलते हादसा हुआ है, 5 लोगों को मलबे से निकाला गया। कई लोग अभी मलबे में दबे हैं। अलाया बिल्डिंग में 14 से 15 फ्लैट थे, बिल्डिंग में रिपेयरिंग का काम भी चल रहा था।