इटावा में रिश्तों का कत्ल: शराब के नशे में बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, हंसिया और डंडे से की निर्मम हत्या!

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के थाना बैदपुरा क्षेत्र अंतर्गत अधियापुर गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की हंसिया और डंडे से प्रहार कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल फैल गया है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय सुशील शाक्य के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, अधियापुर गांव में रहने वाले दो सगे भाइयों— शिवशंकर शाक्य और सुशील शाक्य के बीच बच्चों से मारपीट की बात को लेकर अचानक विवाद शुरू हुआ था। दोनों भाइयों ने शराब पी रखी थी, जिससे बहस जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्साए बड़े भाई शिवशंकर ने आव देखा न ताव, छोटे भाई सुशील को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसने पास रखी हंसिया से सुशील के माथे पर जोरदार वार किया और फिर भारी डंडे से सिर पर लगातार कई प्रहार किए। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण सुशील की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बैदपुरा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे बड़े भाई शिवशंकर शाक्य को हिरासत में ले लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी हंसिया और डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Back to top button