
मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा के दौरान पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए। मंच से संबोधन के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि वह आशुतोष तिवारी की जीत के लिए खुद घर-घर जाकर प्रचार करेंगे।
एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दतिया की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने आशुतोष तिवारी को अपना समर्थन देते हुए चुनाव में पूरी ताकत लगाने की बात कही। सभा में उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली
गौरतलब है कि नरोत्तम मिश्रा लंबे समय तक दतिया की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। वह यहां से कई बार चुनाव जीतकर विधायक बने और प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। हालांकि इस बार टिकट नहीं मिलने के बाद दतिया की सियासत में समीकरण बदल गए हैं।









