NRHM घोटाले का मास्टरमाइंड पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव गिरफ्तार,विजिलेंस ने कसा शिकंजा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बहुत बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NRHM) घोटाले के कथित मास्टरमाइंड और पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस टीम) ने गिरफ्तार कर लिया है। मुकेश श्रीवास्तव पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर मामला दर्ज है, जिसके तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

विधायक रहते हुए वित्तीय अनियमितताओं के आरोप
पुलिस्तानी और सतर्कता सूत्रों के मुताबिक, मुकेश श्रीवास्तव साल 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य (विधायक) रहे थे। इस कार्यकाल के दौरान उन पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं बरतने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच सतर्कता अधिष्ठान द्वारा की जा रही थी।

पहले से दर्ज हैं 3 अन्य मुकदमे
मुकेश श्रीवास्तव की मुश्किलें केवल इसी मामले तक सीमित नहीं हैं। उनके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों और जांच एजेंसियों में 3 अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एनआरएचएम घोटाले के तार सामने आने के बाद से ही वे लगातार जांच एजेंसियों के रडार पर थे। विजिलेंस टीम द्वारा की गई इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस और विजिलेंस की टीमें आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई हैं।

Related Articles

Back to top button