
भारत ने अंतरिक्ष में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जब उसने सफलतापूर्वक मानवरहित डॉकिंग को पूरा किया, और इस प्रकार वह यह कामयाबी प्राप्त करने वाला चौथा देश बन गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया है। इसरो की इस उपलब्धि पर न केवल भारत, बल्कि पाकिस्तान में भी चर्चा हो रही है। पाकिस्तान के राजनीतिक टिप्पणीकार कमर चीमा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसरो और भारत सरकार की सराहना की है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से साइंस के क्षेत्र में अधिक ध्यान देने की अपील भी की।
पाकिस्तानी रक्षा विशेषज्ञ ने की तारीफ
कमर चीमा ने अपने वीडियो में कहा, “भारत की यह हालिया सफलता दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले 2023 में इसरो ने चंद्रयान मिशन में सफलता हासिल की थी, और अब इसने स्पेस में डॉकिंग की भी सफलता प्राप्त की है। भारत से पहले अमेरिका, चीन और रूस ही इस प्रकार की डॉकिंग कर पाए थे, इसलिए इस कामयाबी की अहमियत को समझा जा सकता है।”
पीएम के रोल की भी करी तारीफ
कमर चीमा ने भारत की इस सफलता की तारीफ करते हुए कहा कि इसरो की सफलता में भारत सरकार का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया, “भारत सरकार ना केवल फंडिंग कर रही है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इसरो के कार्यों में गहरी रुचि ले रहे हैं। वह इसरो के ऑफिस में भी जाते हैं और सब कुछ खुद देख रहे हैं। भारत जानता है कि दुनिया में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए इस क्षेत्र में काम करना जरूरी है, और इसी कारण वह अंतरिक्ष के क्षेत्र में निरंतर प्रयास कर रहा है।”