बेवजह महंगी दवा लिखने वाले डॉक्टरों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई, NMC ने चिकित्सकों को जारी की नई गाइडलाइन

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने 2 अगस्त को सभी डॉक्टरों को ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं के बजाय जेनेरिक साल्ट या दवाएं लिखने का निर्देश जारी किया, ऐसा न करने पर उन्हें दंडित किया जाएगा, जिसमें उनका प्रैक्टिस करने का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है.

नई दिल्ली; राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने 2 अगस्त को सभी डॉक्टरों को ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं के बजाय जेनेरिक साल्ट या दवाएं लिखने का निर्देश जारी किया, ऐसा न करने पर उन्हें दंडित किया जाएगा, जिसमें उनका प्रैक्टिस करने का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है.

इससे पहले केंद्र सरकार के अस्पतालों, सीजीएचएस वेलनेस सेंटरों और पॉलीक्लिनिकों में काम करने वाले डॉक्टरों को निर्देशित किया था, कि वे केवल जेनेरिक दवाएं लिखें. साथ ही दवाओं का नाम स्पष्ट रूप से लिखें. ताकि मरीज को कोई भ्रम न हो. यह पहली बार है कि एनएमसी ने अपने ‘पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर्स के व्यावसायिक आचरण से संबंधित विनियम’ में दंडात्मक प्रावधान बनाए हैं.

डॉक्टरों के अलावा, एनएमसी का यह निर्देश सभी मेडिकल पर भी लागू होगा. डॉक्टरों और फार्मास्युटिकल कंपनियों के बीच जारी कमीशनखोरी पर नियंत्रण लगाने के लिए एनएमसी ने डॉक्टरों को स्पष्ट रूप से दवाओं के नाम लिखने व अनावश्यक दवाओं को ना लिखने के निर्देश जारी किए हैं. इस बदलावों से डॉक्टरों व दवाई बनाने वाली कंपनियों के बीच जारी कमीशन के रूप में भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगेगा.

बता दें कि जुलाई 2022 में, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा था कि अदालत के आदेशों और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रासंगिक नियमों के बावजूद, अधिकांश चिकित्सकों द्वारा जेनेरिक दवाएं नहीं लिखी जा रही हैं. केंद्र सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि किसी भी नए लॉन्च के बारे में कोई भी जानकारी अस्पताल/डॉक्टरों को केवल ई-मेल के माध्यम से दी जानी चाहिए. क्योंकि अस्पतालों में चिकित्सा प्रतिनिधियों का दौरा सख्ती से प्रतिबंधित किया गया है.

हालांकि, फार्मास्युटिकल कंपनियों को डॉक्टरों को उपहार देने से रोकने वाला कानून 1 जनवरी 2015 से लागू है. लेकिन यह स्वैच्छिक है. अब नए एनएमसी नियम स्पष्ट रूप से डॉक्टरों और उनके परिवारों को किसी भी बहाने से फार्मा कंपनियों या उनके प्रतिनिधियों को कोई उपहार, यात्रा सुविधाएं, आतिथ्य, नकदी या किसी प्रकार की सुविधा देने से रोका गया है. साथ ही डॉक्टरों को किसी भी दवा ब्रांड, दवा और उपकरण का समर्थन करने या उनका विज्ञापन करने से प्रतिबंधित किया गया है.

हालांकि, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की अधिसूचना को अनुचित बताया है. आईएमए ने कहा कि ‘यह उन डॉक्टरों के साथ अन्याय है, जो हमेशा अपने मरीजों के हितों से समझौता नहीं करते’. यह नियम रोगियों के सर्वोत्तम हित में नहीं होगा.

वहीं, लोकलसर्कल्स प्लेटफॉर्म को डॉक्टरों, फार्मास्युटिकल के बीच जारी कमीशनखोरी को तोड़ने के लिए शिकायतें व सुझाव लगातार मिल रहे हैं. कमीशनखोरी की सच्चाई पता लगाने के लिए लोकलसर्कल्स ने हाल में एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण किया है.

सर्वेक्षण में भारत के 326 जिलों में रहने वाले 43,000 से अधिक लोगों की प्रतिक्रिया ली गई. जिसमें 65% पुरुष व 35% महिलाएं थीं. प्रतिक्रिया देने वाले 72% नागरिकों का मानना है कि उनके डॉक्टर प्रयोगशालाओं, फार्मास्युटिकल कंपनियों से विभिन्न माध्यमों से कमीशन प्राप्त कर रहे हैं. साथ ही सर्वेक्षण में शामिल 60% नागरिक चाहते हैं कि डॉक्टर नाम के साथ ब्रांडेड दवा का नाम भी लिखें. सर्वेक्षण में शामिल 85% नागरिक एनएमसी दिशानिर्देशों के समर्थन में थे, जो डॉक्टरों को दवा कंपनी से प्राप्त किसी भी प्रकार से कमीशन प्राप्त करने के विरोध में हैं.

Related Articles

Back to top button