
मुंबई में सोशल मीडिया कंपनी META विवादों में घिर गई है। कंपनी के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। एक तरफ सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित किए जाने के विरोध में मुंबई यूथ कांग्रेस ने META के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। दूसरी ओर इंस्टाग्राम से ‘वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026’ के प्रचार वीडियो को हटाए जाने पर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। दोनों मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
META कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित वर्ल्ड वन में META के कार्यालय के बाहर मुंबई युवक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज़ीनत शाबरीन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भारतीय युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित किए जाने का विरोध किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार से सवाल पूछने वाली आवाजों और विपक्षी विचारधारा को दबाने के लिए सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति पर हमला बताते हुए META के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का प्रचार वीडियो हटाने पर विवाद
दूसरा विवाद इंस्टाग्राम द्वारा ‘वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026’ से संबंधित प्रचार वीडियो हटाए जाने को लेकर सामने आया है। आयोजन समिति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंदू संगठनों से जुड़ी सामग्री को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के अनुसार, 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन प्रस्तावित है। सम्मेलन के प्रचार के लिए जारी वीडियो में पिछले आयोजन के एक प्रतिभागी ने अपना अनुभव साझा करते हुए हिंदू युवाओं से आगामी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की थी। समिति का दावा है कि इंस्टाग्राम ने इस वीडियो को हटा दिया।
देवेंद्र फडणवीस के प्रचार वीडियो भी हटाने का दावा
स्वदेश खेतावत ने आरोप लगाया कि इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रचार से जुड़े दो वीडियो भी इंस्टाग्राम से हटाए गए थे। हालांकि, शिकायत दर्ज कराने के बाद दोनों वीडियो को दोबारा बहाल कर दिया गया।
आयोजन समिति का कहना है कि वीडियो हटाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया गया और इस संबंध में कोई माफी भी नहीं मांगी गई।
मुख्यमंत्री फडणवीस से मिलकर सौंपा ज्ञापन
विवाद को लेकर वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि META के अधिकारियों को बुलाकर प्रचार सामग्री हटाए जाने के मामले में औपचारिक जवाब मांगा जाए।
META की कार्रवाई पर उठाए सवाल
स्वदेश खेतावत ने कहा कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस से जुड़ी सामग्री को बार-बार हटाया जाना और सम्मेलन के प्रचार में रुकावट पैदा होना गंभीर मामला है। उन्होंने इसे कथित तौर पर सोची-समझी साजिश का हिस्सा बताते हुए कहा कि संगठन इस मामले में उचित माध्यमों से आगे की कार्रवाई करेगा।
इस तरह मुंबई में META के खिलाफ राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है।







