पैलेट गन विवाद पर राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, छात्रों पर कार्रवाई को लेकर मांगी जवाबदेही

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पत्र लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर जवाबदेही की मांग की है।

बता दे कि राहुल गांधी ने छात्रों पर कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक 19 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा है।

राहुल गांधी ने अमित शाह से पूछे सवाल

बता दे कि राहुल गांधी ने अपने पत्र में पूछा कि क्या गृह मंत्री के तौर पर छात्रों के खिलाफ पैलेट गन समेत किसी भी तरह के बल प्रयोग की अनुमति दी गई थी? अगर अनुमति नहीं दी गई तो इसकी मंजूरी किसने दी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठी चलाने वाले लोग पुलिसकर्मी थे या कोई अन्य लोग। राहुल गांधी ने पूछा कि उनकी तैनाती की अनुमति किसने दी थी।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी

राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा करना और बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और देश के युवा जवाब और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।

घायल छात्र का वीडियो राहुल गांधी ने शेयर किया

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्र साहिल को पुलिस कार्रवाई में चोट लगी। राहुल गांधी ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें न्याय की जगह पैलेट मिले।

प्रदर्शन में पुलिसकर्मी भी हुए घायल

इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की ओर से भी कई जवानों और अधिकारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। वहीं, प्रदर्शन के दौरान करीब 60 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी खबर है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button