
दिल्ली: डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। द्वारका साइबर पुलिस ने ठगी के कथित मास्टरमाइंड विपुल पवार को पंजाब के अबोहर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला से डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क कर उसका भरोसा जीतने और फिर करीब 6.55 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
Tinder पर दोस्ती, फिर लाखों की ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टिंडर डेटिंग ऐप के जरिए एक महिला से संपर्क किया था। शुरुआत में दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत हुई। धीरे-धीरे आरोपी ने महिला का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए महिला से करीब 6.55 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर करवा ली गई।
महिला की शिकायत पर 20 मार्च 2026 को द्वारका साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू की।
कई सिम कार्ड से छिपाता था पहचान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कई सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने बैंक खातों के विवरण, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल सुरागों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में मिली। इसके बाद द्वारका साइबर पुलिस की विशेष टीम अबोहर पहुंची और तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर में भी गिरफ्तार हो चुका है आरोपी
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि विपुल पवार को इससे पहले राजस्थान की जयपुर पुलिस एक अन्य साइबर अपराध के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। अब दिल्ली पुलिस आरोपी के डिजिटल और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी जांच के जरिए ठगी से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अन्य पीड़ितों की भी हो रही तलाश
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने डेटिंग ऐप के जरिए इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना निशाना बनाया था या नहीं। साथ ही ठगी के पूरे नेटवर्क और पैसों के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।
इस मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन दोस्ती के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर सतर्कता की जरूरत सामने रखी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।








