
अभिनेता रवि किशन की चर्चित कोर्टरूम कॉमेडी वेब सीरीज़ ‘मामला लीगल है’ के दूसरे सीज़न का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर बुधवार को रिलीज़ कर दिया गया। ट्रेलर में नए और अनोखे कोर्ट केस, मज़ेदार घटनाएं और पटपड़गंज कोर्ट की अफरा-तफरी भरी दुनिया की झलक देखने को मिल रही है। पहले सीज़न की सफलता के बाद दर्शक इस नए सीज़न का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
बता दें, इस सीरीज़ में रवि किशन मुख्य भूमिका में नजर आते दिख रहे हैं। उनके साथ नायला ग्रेवाल, यशपाल शर्मा, निधि बिष्ट और कुशा कपिला जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। दूसरे सीज़न में कहानी और भी दिलचस्प मोड़ लेती दिख रही है, जहां रवि किशन का किरदार वी.डी. त्यागी अब पटपड़गंज कोर्ट के नए जज बन चुके हैं और उनके सामने कई अजीबोगरीब और मज़ेदार केस आते हैं।
बता दें, ट्रेलर में दिखाया गया है कि कोर्ट में नए मुकदमे, तेज़ बहस और अप्रत्याशित मोड़ दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देने वाले हैं। वहीं इस बार कुशा कपिला की एंट्री से कहानी में और भी हलचल और हास्य देखने को मिलेगा।
ट्रेलर को नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया है, जिसे फैंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
वहीं, रवि किशन ने भी इस मौके पर दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पहले सीज़न को मिला प्यार उनके लिए बेहद खास था। उन्होंने कहा कि वी.डी. त्यागी के किरदार में दोबारा लौटना उनके लिए घर वापसी जैसा अनुभव है। उनके मुताबिक दूसरे सीज़न में ह्यूमर और रिश्तों की गहराई पहले से ज्यादा देखने को मिलेगा और दर्शकों को कहानी में और भी भावनाएं और कॉमेडी का मिश्रण मिलेगा।
इस वेब सीरीज़ को पोशम पा पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। सीरीज़ के शोरनर समीर सक्सेना हैं, जबकि राहुल पांडे नए सीज़न का निर्देशन कर रहे हैं। कहानी और किरदार सौरभ खन्ना और कुणाल अनेजा ने तैयार किए हैं, जबकि नए सीज़न की स्क्रिप्ट सैयद शादान, मोहक अनेजा और तत्सत पांडे ने लिखी है।
गौरतलब है कि ‘मामला लीगल है’ सीज़न 2 आगामी 3 अप्रैल से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाला है। फैंस को उम्मीद है कि यह सीज़न भी पहले की तरह मनोरंजन से भरपूर होगा।









