
गंगटोक : नामची जिले के समरदुंग (ज़ोलुंगे) में NHPC के बन रहे तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट टनल में हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह 4:40 बजे तक की स्थिति की पुष्टि की है।
वही टनल में हादसे के बाद फंसे मजदूरों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। प्रशासन के मुताबिक, बरामद सभी 9 शवों को पोस्टमॉर्टम और दूसरी ज़रूरी प्रक्रियाओं के लिए सिंगताम जिला अस्पताल, STNM अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल भेज दिया गया है। नामची जिला प्रशासन, SDRF, NDRF, सिक्किम पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, हेल्थ डिपार्टमेंट समेत कई विभागों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं। प्रशासन ने कहा कि SSDMA पूरी स्थिति पर नज़र रख रहा है और ज़रूरत पड़ने पर और जानकारी शेयर करेगा।
टनल में 27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
बता दे कि नामची की जिला कलेक्टर अनुपा तुमलिंग ने कहा कि टनल के अंदर करीब 27 मजदूरों के फंसे होने की संभावना है। हालांकि, टनल के अंदर की स्थिति साफ नहीं होने की वजह से मजदूरों की सही संख्या कन्फर्म नहीं हो पाई है।
टनल के अंदर कथित तौर पर गैस लीकेज की घटना हुई थी
उन्होंने कहा कि NDRF की टीम पहले ही टनल के अंदर पहुंच चुकी है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। NDRF टीम के लौटने के बाद यह साफ हो पाएगा कि टनल के अंदर कितने मजदूर मौजूद हैं और उनकी हालत क्या है। बता दें कि सोमवार दोपहर समरदुंग में बन रही टनल के अंदर कथित तौर पर गैस लीकेज की घटना हुई थी। इसके बाद टनल में काम कर रहे कई मजदूर फंस गए थे। घटना के बाद से ही उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अलग-अलग एजेंसियां लगातार ऑपरेशन चला रही हैं।









