
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, जहाँ जिले के कप्तान ने न केवल फरियादी की गुहार सुनी, बल्कि आरोपी सिपाही को ‘शुभ मुहूर्त’ निकलवाकर मंडप तक पहुँचा दिया। शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाले सिपाही को पुलिस लाइन के मंदिर में ही सात फेरे लेने पड़े।
चार साल तक दिया शादी का झांसा
जानकारी के अनुसार, शाहजहाँपुर पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही का हरदोई की रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि सिपाही पिछले चार सालों से शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। जब भी युवती विवाह का दबाव बनाती, सिपाही टालमटोल कर देता। हाल ही में सिपाही ने युवती से बात करना बंद कर दिया और वर्दी की धौंस दिखाने लगा।
एसपी के दरबार में खुला राज
पीड़ित युवती ने हार नहीं मानी और हरदोई से शाहजहाँपुर पहुँचकर नवागत एसपी सौरभ दीक्षित के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई। युवती ने सिपाही की करतूतों के पुख्ता सबूत पेश किए, जिसे देख एसपी ने फौरन आरोपी सिपाही को तलब कर लिया। कड़ाई से पूछताछ और आमना-सामना होने पर सिपाही ने हकीकत कबूल कर ली।
मंदिर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुए फेरे
मामले की गंभीरता और युवती के भविष्य को देखते हुए एसपी ने त्वरित निर्णय लिया। शनिवार शाम को पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर में पुजारी को बुलाया गया। साथी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सिपाही और युवती का विवाह संपन्न कराया गया। एसपी के इस ‘क्विक जस्टिस’ की जिले भर में सराहना हो रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यद्यपि पुलिस विभाग इस पूरे घटनाक्रम को गोपनीय रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन रात होते-होते शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। अब पूरे पुलिस महकमे में यह लव स्टोरी और एसपी का सख्त रवैया चर्चा का केंद्र बना हुआ है। फिलहाल इस मामले पर कोई भी वरिष्ठ अधिकारी आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहा है।









