
दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में एक दर्दनाक इमारत हादसे में हड़कंप मच गया है। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक मलबे से 11 लोगों का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें से 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, मृतकों में शामिल एक बच्ची और बच्चे की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
हादसे में घायल हुए 8 लोगों को तुरंत इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक 3 साल का बच्चा भी शामिल है। मलबे में अभी और भी लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते मलबा हटाने और खोजबीन का काम पूरी तेजी से चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों और घायलों की संख्या में अभी बदलाव भी संभव है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है और राहत-बचाव कार्यों को और तेज करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराने को कहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
घटनास्थल पर दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, डीडीएमए (DDMA), एनडीआरएफ (NDRF), एमसीडी (MCD) और कैट्स (CATS) की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।









