CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में भिड़ीं कांग्रेस की दो महिला नेता, एक-दूसरे को मारे थप्पड़

हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार, 8 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की दो महिला नेताओं के...

हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार, 8 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की दो महिला नेताओं के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बल्लभगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं पराग शर्मा और गजना लांबा एक-दूसरे को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

आगे निकलने को लेकर हुआ विवाद, दोनों ने मारे थप्पड़

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, पराग शर्मा कांग्रेस का झंडा लेकर चल रही थीं। इसी दौरान गजना लांबा ने उनसे आगे निकलने की कोशिश की। आरोप है कि इस बात पर पराग शर्मा ने गजना लांबा को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद गजना लांबा ने भी पलटकर पराग शर्मा को थप्पड़ मारा।

मौके पर मौजूद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने की कोशिश की। बलजीत कौशिक ने कहा कि दोनों महिला नेताओं के बीच हुए विवाद को बातचीत और समझौते के जरिए सुलझा लिया जाएगा।

दोनों महिला नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ दी शिकायत

घटना को लेकर दोनों महिला नेताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। SHO विष्णु मित्तार के मुताबिक, गजना लांबा और पराग शर्मा की ओर से अलग-अलग शिकायतें मिली हैं।

पुलिस के अनुसार, रैली के दौरान फोटो हटाने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। इसके बाद कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट हुई। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायतों में अपने-अपने पदों से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया गया है।

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत हुआ प्रदर्शन

कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को हरियाणा में कई जगहों पर प्रदर्शन किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह प्रदर्शन कथित वोट चोरी और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही की मांग को लेकर किया गया।

कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने दिल्ली में अपने राष्ट्रीय नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में ‘काला दिवस’ भी मनाया।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के समर्थन में उतरा इंडिया गठबंधन

कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही मांगने पहुंचे थे। उनके मुताबिक, इस दौरान सांसदों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

इसी के विरोध में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने प्रदर्शन किया। हालांकि, फरीदाबाद में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की दो महिला नेताओं के बीच हुई मारपीट ने इस राजनीतिक कार्यक्रम को अलग वजह से चर्चा में ला दिया।

Related Articles

Back to top button