Matrimonial Site से 14 लड़कियों को बनाया शिकार, खुद को कुंवारा बताकर करता था शादी, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शादी के नाम पर महिलाओं को धोखा देने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 14 लड़कियों से शादी करने का आरोप है। वह मैट्रिमोनियल साइट के जरिए शादी की इच्छुक महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। खुद को कुंवारा बताकर उनसे शादी करता और कुछ दिन बाद उन्हें छोड़कर फरार हो जाता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है। आरोपी मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से संपर्क करता था और खुद को अविवाहित बताकर उनका भरोसा जीतता था।

इसी दौरान उसकी ऑनलाइन बातचीत मेरठ की रहने वाली मुस्कान से हुई। बातचीत आगे बढ़ी और दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, शादी के बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि नरेंद्र ने उसके साथ धोखाधड़ी की और उसका गर्भपात भी कराया।

आरोप है कि कुछ दिन साथ रहने के बाद नरेंद्र अपनी पत्नी को छोड़कर मुंबई भाग गया। इसके बाद पीड़िता ने गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button