उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती: परीक्षा शहर की जानकारी जारी, 25 अप्रैल से 74 जिलों में शुरू होगी लिखित परीक्षा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा के लिए ‘एग्जाम सिटी स्लिप’ आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। अभ्यर्थी बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट uppbpb.gov.in पर अपना पंजीकरण क्रमांक (Registration Number) और जन्मतिथि अंकित कर परीक्षा केंद्र के शहर व तिथि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

तीन दिनों तक दो पालियों में होगी परीक्षा

भर्ती बोर्ड के अनुसार, 41,000 से अधिक पदों के लिए आयोजित यह परीक्षा आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रदेश के सभी 74 जनपदों में संपन्न होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

एडमिट कार्ड को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभी जारी की गई सूचना केवल परीक्षा शहर और तिथि की जानकारी के लिए है। मुख्य प्रवेश पत्र (Admit Card) परीक्षा की तिथि से तीन दिन पूर्व जारी किए जाएंगे। 25 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 22 अप्रैल को, 26 अप्रैल के लिए 23 अप्रैल को और 27 अप्रैल की परीक्षा के लिए 24 अप्रैल को पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।

25 लाख अभ्यर्थियों के बीच कड़ा मुकाबला

होमगार्ड स्वयंसेवक के रिक्त पदों के सापेक्ष इस बार 25 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। 100 अंकों की यह लिखित परीक्षा पूरी तरह ऑफलाइन (OMR आधारित) होगी, जिसमें मुख्य रूप से सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे जाएंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि ओएमआर उत्तर पत्रक भरने के लिए केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का ही प्रयोग करें। साथ ही, प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट के क्रमांक का मिलान अवश्य कर लें।

Related Articles

Back to top button