
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है। तीखी धूप के बाद अब काले बादल यूपी के अलग-अलग शहरों पर आफत बनकर बरसेंगे। भारतीय मौसम विभाग ने इसकी भविष्यवाणी की है, जिसके अनुसार शुक्रवार से पश्चिमी यूपी में मौसम में बदलाव देखा जाएगा और कई जिलों में तापमान में भी कमी आएगी।
तेज हवाओं और बारिश का अनुमान
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, 3 अप्रैल को यूपी के पश्चिमी संभाग के करीब 20 जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, पूर्वी यूपी में आज मौसम सामान्य रहेगा।
4 अप्रैल को आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
4 अप्रैल को प्रदेश के दोनों ही संभागों में मौसम का रूख बदलेगा। इस दौरान करीब 50 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कुछ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
20 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
लखनऊ में आसमान होगा साफ
शुक्रवार को लखनऊ में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 21 और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। अगले 24 घंटे बाद इसमें थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है।
नोएडा-गाजियाबाद में बारिश की संभावना
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी और यहां हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिनकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।
24 घंटे में तापमान में गिरावट
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी से राहत मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखने को मिल सकती है।









