
लखनऊ। भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी है। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
पूर्वी यूपी में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, 14 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं कुछ क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, संत कबीर नगर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, रायबरेली, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और अमेठी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, सोनभद्र, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और सीतापुर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में दर्ज हुई गिरावट
बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश के प्रमुख शहरों में प्रयागराज का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, बहराइच 26 डिग्री, बरेली 27 डिग्री, फुर्सतगंज 32.6 डिग्री, गोरखपुर 29 डिग्री, झांसी 28.4 डिग्री, लखनऊ 28.4 डिग्री और मेरठ 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लोगों को मिली गर्मी से राहत
बारिश और बादलों की वजह से लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।









