दहेज में Car नहीं मिली तो बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा, दुल्हन पक्ष ने Police में दी तहरीर…

संपर्क करने पर पता चला कि दूल्हा शेरवानी लेने गया है और उसके बाद से वापस नहीं आया। उसके परिजनों का कहना था कि हम उसे ढूंढ रहे हैं।

रामनगर क्षेत्र में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शनिवार यानी 4 अप्रैल को एक दुल्हन की बारात आनी थी। लेकिन खबर है कि दूल्हे और उसके परिजनों ने दहेज में कार की अचानक मांग कर डाली। जिसके बाद मांग पूरी न होने पर बारात दुल्हन की दहलीज पर न पहुंचने के बाद दुल्हन पक्ष में हड़कंप मच गया। मामले में दुल्हन के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप कर कार्रवाई करने की मांग की है।

आपको बता दे कि रामनगर के मोहल्ला खताडी निवासी इस्माइल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि, “उसने अपनी पुत्री का रिश्ता कुछ समय पूर्व काशीपुर उधम सिंह नगर क्षेत्र के नई बस्ती विजयनगर निवासी साजिद के साथ तय किया था तथा कुछ माह पूर्व उसकी बेटी की मंगनी भी हो चुकी है। उसका आरोप है कि उसने अपना घर बेचकर अपनी पुत्री की शादी के लिए दहेज इकट्ठा किया था। 1 अप्रैल को दूल्हा पक्ष को उसके द्वारा दहेज में एक बाइक सहित अन्य घरेलू सामान भी दहेज के तौर पर भेज दिया गया।

इस बीच शनिवार को उसकी पुत्री की बारात आनी थी तथा उसने बारात का सारा इंतजाम रामनगर के ग्राम तेलीपुरा रोड स्थित एक बैंकट हॉल में किया था। बारात दोपहर में आनी थी इससे पहले बैंकट हॉल में दुल्हन के रिश्तेदारों एवं बस्ती के लोगों ने भी खाना खा लिया लेकिन जब शाम 4:00 बजे तक बारात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष की ओर से दूल्हे पक्ष से फोन पर संपर्क किया गया। संपर्क करने पर पता चला कि दूल्हा शेरवानी लेने गया है और उसके बाद से वापस नहीं आया। उसके परिजनों का कहना था कि हम उसे ढूंढ रहे हैं।

इस बीच पीड़ित पक्ष का कहना था कि उन लोगों ने बारात के लिए करीब 600 आदमियों का खाना भी तैयार किया था। जो पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। दुल्हन के पिता का आरोप है कि दूल्हे पक्ष की ओर से दहेज में कार देने की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने के कारण यह लोग बरात लेकर नहीं पहुंचे। उन्होंने इस मामले में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है तो वही मामले में पुलिस क्षेत्राधिकार भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि इस मामले में लड़की पक्ष की ओर से दी गई तहरीर की जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button