
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच महीनों में प्रदेश प्रभारी ने उनसे मिलने या उनकी राय जानने के लिए पांच मिनट का समय तक नहीं निकाला।
राकेश राठौर ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से पिछड़े वर्ग के इकलौते लोकसभा सांसद हैं, इसके बावजूद पार्टी के महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी राय नहीं ली जा रही है। उन्होंने संगठन सृजन अभियान में सांसदों को बाहर रखने पर भी नाराजगी जाहिर की।
सांसद ने आरोप लगाया कि उनके संसदीय क्षेत्र में पार्टी के पदाधिकारी और प्रभारी कार्यक्रम करने पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं दी जाती। उन्होंने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी के लिए करीब 100 बड़े कार्यक्रम किए और लगातार संगठन को मजबूत करने का काम किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को लेकर भी राठौर ने पार्टी में अपनी अनदेखी को वजह बताया। उनका कहना है कि जब पार्टी में उनकी राय को महत्व नहीं दिया जा रहा है, तो वह केवल भीड़ का हिस्सा बनकर कार्यक्रमों में शामिल नहीं होना चाहते।
हालांकि, राकेश राठौर ने साफ कर दिया कि उनका कांग्रेस छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए काम करने को तैयार हैं, लेकिन सम्मान के साथ।
परिसीमन बिल पर चर्चा और मतदान से पहले कांग्रेस सांसद की यह नाराजगी पार्टी के संगठनात्मक प्रबंधन और उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को लेकर नए सवाल खड़े कर रही है।









