निर्भया की मां ने सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की, हालात संभालने में रहीं नाकाम

निर्भया की मां ने ममता को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री होने के नाते अपनी जिम्मेदारी को निभाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

कोलकाता में महिला डॉक्टर से रेप कर हत्या का मामला देश भर में गर्माया हुआ है। देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी बीच साल 2012 में दिल्ली में हुए सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता निर्भया की मां ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सीएम ममता से इस्तीफे की मांग की है।

ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की

दरअसल, निर्भया की मां आशा देवी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या के मामले में हो रहे विरोध-प्रदर्शन को ममता बनर्जी संभाल नहीं पा रही हैं। वह स्थिति को संभालने में नाकाम साबित हुई हैं। इसके अलावा उन्होंने सीएम ममता बनर्जी आरोप लगाते हुए कहा कि वह विरोध प्रदर्शन कर लोगों को मुद्दों से भटका रही हैं। इतना ही नहीं आशा देवी ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी दोषियों के खिलाफ अपने अधिकारों का उपयोग न करके लोगों को गुमराह कर रही हैं। आपको बता दें इस मामले को लेकर राजधानी कोलकाता में सीएम ममता बनर्जी ने एक रैली की थी। इस दौरान उन्होंने दोषियों के खिलाफ मौत की सजा की मांग की थी।

महिलाओं के साथ होती रहेंगी क्रूरता

निर्भया की मां आशा देवी ने सीएम ममता बनर्जी को लेकर कहा कि वह खुद एक महिला है। ऐसे में सूबे की मुख्यमंत्री होने के नाते अपनी जिम्मेदारी को निभाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं उन्होंने यह करते हुए ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की है कि वह हालात को संभालने में नाकाम साबित हुई हैं। इसके अलावा आशा देवी ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोषियों को जल्दी सजा दिलाने के मामले में गंभीर नहीं होंगे तब तक देश में महिलाओं के साथ क्रूरताएं होती रहेंगी। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि जब कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो देश में महिला सुरक्षा की स्थिति को समझा जा सकता है।

Related Articles

Back to top button