मायावती के पोस्ट के बाद अखिलेश यादव का “आभार” वाला पोस्ट,लिखा- PDA समाज अब सत्ताधीशों के विभाजनकारी खेल को समझने लगा

चंद लोगों की मजबूरी का फ़ायदा उठाकर, ये विघटनकारी सत्ताधारी भले कुछ लोगों को हाथ पकड़कर कुछ भी कहने-लिखने पर मजबूर कर लें परंतु मन से वो ‘कुछ मजबूर लोग’ भी हमारे ही साथ हैं

लखनऊ- बीते दिनों में एक भाजपा विधायक ने मायावती के लिए विवादित टिप्पणी की थी. इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा था. अखिलेश के पोस्ट के बाद मायावती ने भी सपा प्रमुख के लिए पोस्ट करते हुए उनका आभार जताया था.

अब उस आभार वाले पोस्ट के जवाब में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक और पोस्ट किया है. अपने इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने सबसे पहले लिखा कि “आभार” के लिए धन्यवाद!…

सच तो ये है कि ये आभार उन लोगों का है जो पिछले दो दिनों से अपने मान-सम्मान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर अपना सक्रिय विरोध दर्शा रहे हैं. इस विरोध का मूल कारण है, भाजपा के एक विधायक द्वारा शोषित-वंचित समाज की एक सम्मानित भूतपूर्व महिला मुख्यमंत्री जी का सरेआम किया गया अपमान.

सदियों से समाज के प्रभुत्ववादियों द्वारा किये जा रहे मानसिक-शारीरिक-आर्थिक-सामाजिक उत्पीड़न के विरुद्ध आज उपेक्षित व तिरस्कृत समाज के लोगों में यह जो नयी चेतना आई है, उसकी एकता और एकजुटता आनेवाले कल का सुनहरीसमतावादी-समानतावादी इतिहास लिखेगी.

ये एक शुभ संकेत है कि पीडीए समाज अब प्रभुत्ववादी सत्ताधीशों के विभाजनकारी खेल को समझने लगा है। चंद लोगों की मजबूरी का फ़ायदा उठाकर, ये विघटनकारी सत्ताधारी भले कुछ लोगों को हाथ पकड़कर कुछ भी कहने-लिखने पर मजबूर कर लें परंतु मन से वो ‘कुछ मजबूर लोग’ भी हमारे ही साथ हैं क्योंकि ऐसे मजबूर लोग भी जानते हैं कि ये प्रभुत्ववादी कभी उनके भले के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं। सदियों से शोषित-वंचित समाज के 99% लोग, अब पीडीए में ही अपना सुनहरा भविष्य देख रहे हैं।

जो राजनीतिक शक्तियाँ अपनी सत्ता को बचाने के लिए, अपने स्वार्थ भरे पत्रों पर दमित समाज से हस्ताक्षर करवाने पर बाध्य करती आई हैं, अब उनके बुरे दिन शुरू हो गये हैं.

बता दें कि मायावती ने अपने पोस्ट में लिखा था कि सपा मुखिया ने मथुरा जिले के एक भाजपा विधायक को उनके गलत आरोपों का जवाब देकर बी.एस.पी. प्रमुख के ईमानदार होने के बारे में सच्चाई को माना है, उसके लिए पार्टी आभारी है.

Related Articles

Back to top button