जय शाह के ICC चेयरमैन बनने के बाद इस बीजेपी नेता के बेटे को मिल सकती है BCCI सचिव की जिम्मेदारी

BCCI के सचिव के दावेदारी के लिए रोहन जेटली मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। दरअसल, रोहन जेटली बीजेपी के दिग्गज नेता दिवंगत अरूण जेटली के बेटे हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अगले सचिव दिवंगत अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली बन सकते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोहन वर्तमान सचिव जय शाह की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। BCCI के सचिव की दावेदारी पर उनकी मजबूत पकड़ बनी हुई है। ऐसे में उनके बाद रोहन को पद मिल सकता है।

रोहन जेटली के नाम पर सबकी सहमति

रोहन जेटली वर्तमान में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष हैं। उन्हें साल 2023 में अध्यक्ष बनाया गया था। अगर BCCI के सचिव जय शाह ICC के चेयरमैन बन जाएंगे, जोकि लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में रोहन जेटली को BCCI का सचिव बना दिया जाएगा। इसके लिए रोहन के नाम पर सबकी सहमति बनी हुई है। इसके अलावा BCCI के अध्यक्ष रोजर बिन्नी समेत अन्य पदाधिकारी अपने पद पर बने रहेंगे, क्योंकि उनका कार्यकाल अभी 1 साल बचा हुआ है।

इसलिए मजबूत है रोहन की दावेदारी

BCCI के सचिव के दावेदारी के लिए रोहन जेटली मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। दरअसल, रोहन जेटली बीजेपी के दिग्गज नेता दिवंगत अरूण जेटली के बेटे हैं। वहीं अरूण जेटली का BCCI में अच्छी खासी पकड़ रही है। जिसके कारण रोहन जेटली की भी मजबूत पकड़ बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ वह वर्तमान में DDCA के अध्यक्ष के साथ दो बार इस भूमिका को निभाएं हैं। साथ ही उनके नेतृत्व में दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में 5 बार विश्व कप के मैच होस्ट किए जा चुके हैं। इसके अलावा रोहन जेटली दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) का सफल आयोजन करा चुके हैं।

जय शाह का ICC का चेयरमैन बनना तय

आपको बता दें वर्तमान BCCI सचिव जय शाह का ICC का चेयरमैन बनना लगभग तय माना जा रहा है। दरअसल ICC के नियमों के अनुसार चेयरमैन चुनने के लिए 16 डायरेक्टर वोट डालते हैं, जिनमें से 9 वोट बहुमत होता है। हालांकि इससे पहले दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती थी। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि जय शाह के नाम पर 16 में 15 सदस्यों की समर्थन मिला हुआ है। वहीं 30 नवंबर को ग्रेग बार्कले का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। उन्होंने तीसरी बार चेयरमैन के पद पर बने रहने के लिए मना कर दिया है।

4 भारतीय बन चुके चेयरमैन

अगर जय शाह ICC के चेयरमैन बन जाते हैं तो वह सबसे युवा चेयरमैन होंगे। आपको बता दें अभी तक कुल 4 भारतीय ICC चेयरमैन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं, जिनमें 1997-2000 तक जगमोहन डालमिया, 2010 से 2012 तक शरद पवार, 2014-15 तक एन श्रीनिवासन और 2015-2020 तक शशांक मनोहर का नाम शामिल है।

Related Articles

Back to top button