
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गंगा नदी में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
गंगा नदी में गिरी इनोवा कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास हुआ। यहां एक इनोवा कार गंगा नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चार शव बरामद, अन्य की तलाश जारी
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम के मुताबिक, गाड़ी के पास ही चार शव मिले हैं। अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। वहीं, घायलों को सड़क तक पहुंचाकर अस्पताल ले जाने में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
SDRF, पुलिस और प्रशासन का रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी टीमें नदी में गिरे लोगों की तलाश और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।









