4.25 लाख की बाइक में ऐसा क्या कि खरीदने के लिए टूट पड़े लोग, लॉन्च होते ही 6 मिनट में खत्म हुआ स्टॉक

Royal Enfield HyperShift Classic 650: रॉयल एनफील्ड की बाइक्स का भारतीय बाजार में लंबे समय से दबदबा बना हुआ है। कंपनी की मोटरसाइकिलों को युवाओं के साथ-साथ बाइक कलेक्टर्स भी काफी पसंद करते हैं। इसी बीच रॉयल एनफील्ड ने अपनी 125वीं एनिवर्सरी के मौके पर खास HyperShift Classic 650 बाइक लॉन्च की है। इस लिमिटेड एडिशन बाइक को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बिक्री शुरू होने के महज 6 मिनट के भीतर भारत के लिए उपलब्ध सभी 125 यूनिट बिक गईं। 4,25,589 रुपये की कीमत होने के बावजूद बाइक को ग्राहकों ने हाथोंहाथ खरीद लिया।

रोशनी के हिसाब से बदलता है बाइक का रंग

Royal Enfield HyperShift Classic 650 की सबसे बड़ी खासियत इसकी खास HyperShift पेंट स्कीम है। इस तकनीक की मदद से बाइक का रंग रोशनी के अनुसार बदलता हुआ दिखाई देता है। इसके फ्यूल टैंक पर 125वीं एनिवर्सरी का खास क्रेस्ट दिया गया है। वहीं, साइड पैनल पर स्पेशल बैजिंग और टैंक पर हाथ से बनाए गए पिनस्ट्राइप्स इसे खास विंटेज लुक देते हैं। कंपनी ने इसे कलेक्टर्स एडिशन के तौर पर पेश किया है।

648cc का दमदार इंजन और शानदार परफॉर्मेंस

परफॉर्मेंस की बात करें तो इस बाइक में 647.95cc का एयर/ऑयल-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह इंजन 47 hp की पावर और 52.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट क्लच के साथ जोड़ा गया है।

बाइक की टॉप स्पीड 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा बताई गई है। दमदार इंजन और बेहतर पावर डिलीवरी के साथ यह बाइक लंबी दूरी की राइडिंग के लिए भी आकर्षक विकल्प है।

सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम भी शानदार

राइडिंग को बेहतर बनाने के लिए HyperShift Classic 650 में आगे की तरफ 43mm टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर्स दिए गए हैं। वहीं, सुरक्षा के लिए दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड मिलता है।

इसके अलावा बाइक में 19-इंच का फ्रंट और 18-इंच का रियर स्पोक व्हील दिया गया है, जो इसके क्लासिक रेट्रो लुक को और आकर्षक बनाता है।

सिर्फ 125 लोगों को मिलेगी यह लिमिटेड एडिशन बाइक

रॉयल एनफील्ड ने इस खास एडिशन की बिक्री के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रखी थी। भारत के लिए निर्धारित सभी 125 यूनिट बिक्री शुरू होने के महज 6 मिनट में बिक गईं।

कंपनी इसी महीने से ग्राहकों को इसकी डिलीवरी शुरू करेगी। स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले करीब 58,000 रुपये अधिक कीमत होने के बावजूद इतनी तेजी से बाइक का बिकना रॉयल एनफील्ड के प्रति बाइक प्रेमियों के उत्साह को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button