
Weather Updates: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके तहत राज्य के कई जिलों में ठंड बढ़ने की संभावना है और कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी छा सकता है। इसके अलावा, 27 दिसंबर को कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हल्की गिरावट आने की संभावना
वही आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है, खासकर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में। हालांकि, 26 दिसंबर को यूपी के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 27 दिसंबर को खासकर पश्चिमी यूपी में बारिश और ओले गिरने का भी अलर्ट है। इसके साथ ही, ठंडी हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा और तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
लखनऊ में 0.5 मिमी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में बुधवार को 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बारिश के कारण दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि, दोपहर में निकली धूप के कारण लखनऊ में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
गरज-चमक के साथ हल्की बारिश
आज प्रदेश का मौसम सामान्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है, विशेषकर देर रात और सुबह के समय। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वही 27 दिसंबर को प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि का भी अलर्ट है। साथ ही 27 और 28 दिसंबर के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से मौसम बदलने का अनुमान है, जिससे बारिश और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
IBF DATED 25.12.2024 pic.twitter.com/jwjcO1m0Ep
— Meteorological Centre Lucknow (@CentreLucknow) December 25, 2024
घना कोहरा छाने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 दिसंबर को गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, बहराइच, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने का अनुमान है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस चुर्क में रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस बुलंदशहर में दर्ज किया गया।
मौसम में बदलाव आने की संभावना
ऐस में प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव आने की संभावना है। ठंड, कोहरा और हल्की बारिश का असर देखा जा सकता है। इससे निपटने के लिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर जब कोहरा घना हो और वाहन चलाते समय विशेष ध्यान रखा जाए।









