
Indian Mobile User: भारत में मोबाइल का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, और यह अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5G मोबाइल बाजार बन चुका है। काउंटरपॉइंट रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने 5G स्मार्टफोन की शिपमेंट में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। इसके बाद एक बड़ा सवाल उठता है कि भारतीय लोग मोबाइल पर सबसे अधिक क्या देखते हैं और क्या करते हैं? इस पर हाल ही में एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जो इस सवाल का जवाब देती है।
मोबाइल उपयोग पर Sensor Tower की रिपोर्ट
Sensor Tower की “State of Mobile 2025” रिपोर्ट में यह बताया गया है कि भारत के लोग दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले अधिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करते हैं और इन्हीं पर अपना समय अधिक व्यतीत करते हैं। हालांकि, भारत ऐप के जरिए सामानों की खरीदारी करने में पिछड़ा हुआ है, और खरीदारी से होने वाली कमाई के मामले में भारत टॉप 20 देशों में भी शामिल नहीं है।
भारतीयों ने ऐप पर कुल 1.12 ट्रिलियन घंटे बिताए
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 2024 में ऐप डाउनलोड करने की गति में कमी आई है। 2024 में करीब 24.3 बिलियन (2400 करोड़) ऐप डाउनलोड हुए, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 25.6 बिलियन (2500 करोड़) और 2022 में 26.6 बिलियन (2600 करोड़) था। हालांकि, ऐप पर बिताए गए समय में वृद्धि हुई है। 2024 में भारतीयों ने ऐप पर कुल 1.12 ट्रिलियन घंटे (1 लाख करोड़) बिताए, जो 2023 के 991 बिलियन घंटे (लगभग 99 हजार करोड़) और 2022 के 841 बिलियन घंटे (लगभग 84 हजार करोड़ घंटे) से कहीं अधिक है।
भारत में सबसे अधिक देखे जाने वाले ऐप्स
भारत में सोशल मीडिया और मीडिया & एंटरटेनमेंट ऐप्स सबसे अधिक पॉपुलर हैं। भारतीय लोग इन ऐप्स पर अपना अधिकांश समय बिता रहे हैं, हालांकि इन ऐप्स के डाउनलोड में गिरावट देखने को मिली है। एक और महत्वपूर्ण बदलाव देखा गया है कि डेटिंग ऐप्स से IAP (In-App Purchase) रेवेन्यू में 25% की वृद्धि हुई है, जो $55 मिलियन (475 करोड़ रुपये) तक पहुंच चुका है। इसमें सबसे आगे Bumble जैसे ऐप्स हैं।
ऐप डाउनलोड में गिरावट
इस रिपोर्ट से यह स्पष्ट होता है कि भारत में मोबाइल का उपयोग बढ़ रहा है, खासकर सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट के लिए, हालांकि ऐप डाउनलोड में गिरावट का भी संकेत मिल रहा है।









