भारत-अफ्रीका व्यापार 100 अरब डॉलर पार, केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन ने साझा भविष्य पर जोर दिया

India Africa Trade 100 Billion. केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बुधवार को कहा कि भारत-अफ्रीका के द्विपक्षीय व्यापार का आंकड़ा 100 अरब डॉलर को पार कर गया है और नई दिल्ली अब महाद्वीप के शीर्ष पाँच निवेशकों में से एक बनकर उभरी है।

यह जानकारी उन्होंने 20वें CII भारत-अफ्रीका व्यापार सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में दी। उन्होंने कहा कि भारत ने अफ्रीका भर में 12 अरब डॉलर से अधिक के रियायती ऋण और 70 करोड़ डॉलर की अनुदान सहायता प्रदान की है। इसके अलावा, अफ्रीकी युवाओं के लिए 50,000 छात्रवृत्तियाँ दी गई हैं, जिनमें से 42,000 से अधिक का उपयोग पहले ही किया जा चुका है।

साझा भविष्य का सह-निर्माण

मंत्री कीर्ति वर्धन ने बताया कि इस वर्ष का विषय ‘साझा भविष्य का सह-निर्माण’ रखा गया है। उन्होंने कहा हमने परियोजना साझेदारी और विकास साझेदारी से आगे बढ़कर साझा भविष्य की भावना अपनाई है, जो भारत-अफ्रीका संबंधों की उल्लेखनीय यात्रा को दर्शाता है।

व्यापार और निवेश में शानदार वृद्धि

उन्होंने कहा कि भारत-अफ्रीका द्विपक्षीय व्यापार 2024-25 में 100 अरब डॉलर को पार कर गया, जबकि 2019-20 में यह केवल 56 अरब डॉलर था। 1996-2024 के दौरान 75 अरब डॉलर से अधिक के संचयी निवेश के साथ, भारत अफ्रीका में शीर्ष पाँच सबसे बड़े निवेशकों में शामिल हो गया है।

अफ्रीका के साथ भारत की विदेश नीति

कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि अफ्रीका भारत की विदेश नीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने याद दिलाया कि भारत की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को G20 की स्थायी सदस्यता दी गई थी। साथ ही उन्होंने कहा भारत ज़रूरत के समय अफ्रीका के साथ खड़ा रहा है। मोज़ाम्बिक, मेडागास्कर, मॉरीशस और अन्य देशों में राहत कार्यों के उदाहरण इस साझेदारी को दर्शाते हैं।

साझा प्रयासों पर जोर

मंत्री ने अफ्रीकी देशों को आपदा रोधी बुनियादी ढाँचे, जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग के लिए अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा भारत और अफ्रीका आपसी विश्वास और सहयोगात्मक प्रयासों के आधार पर एक साझा भविष्य के निर्माण के लिए मजबूत साझेदारी को आकार दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button