Muradabad News : नशा मुक्ति केंद्र में बरेली के युवक की हत्या, आरोपी हिरासत में

Muradabad Crime News. सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आशियाना कॉलोनी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार रात बरेली जनपद के अरुण पटेल (26) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि अमरोहा निवासी भानू प्रताप ने अरुण का गला खिड़की के शीशे से रेतकर काट दिया।

जानकारी के मुताबिक, मृतक अरुण पटेल और आरोपी भानू प्रताप दोनों ही अपने परिजनों के कहने पर नशा मुक्ति और उपचार के लिए केंद्र में भर्ती थे। अरुण पटेल को उसके परिजनों ने 13 अगस्त को नशा छुड़वाने और इलाज के लिए केंद्र में भर्ती कराया था।

केंद्र में आठ महीने से भानू प्रताप का भी इलाज चल रहा था। मंगलवार रात सभी ने साथ में खाना खाया। इसी दौरान भानू ने अरुण को कमरे में बुलाकर दरवाजा अंदर से बंद किया और खिड़की का शीशा तोड़कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी शोर मचाते हुए बाहर भागने की कोशिश में था, लेकिन केंद्र के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के हाथ खून से सने थे। अंदर जाकर देखा गया तो अरुण खून से लथपथ हालत में पड़ा था। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी भानू प्रताप को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने स्थल पर जांच-पड़ताल की।

केंद्र संचालक कमलदीप सिंह ने थाने में तहरीर देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर भानू के पिता उसे दांत के दर्द के लिए डॉक्टर को दिखाने आए थे और दवा दिलाने के बाद वापस केंद्र में छोड़ गए थे।

यह घटना नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों की सुरक्षा और निगरानी पर सवाल उठाती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button