
टी20 विश्व कप 2026 के सबसे रोमांचक मुकाबले का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया था, लेकिन कुछ दिन बाद यू टर्न लेते हुए वह इस मुकाबले के लिए राजी हो गया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), बांग्लादेश और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बीच हफ्तों तक बातचीत हुई।
भारत और पाकिस्तान की टीमें इस बार कागज पर और मैदान पर काफी मजबूत नजर आ रही हैं, जिससे इस मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। हालांकि, प्रेमदासा स्टेडियम की पिच का रिकॉर्ड देखा जाए तो यह उम्मीद की जा रही है कि मैच हाईस्कोरिंग नहीं होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला उसी पिच पर खेला जाएगा, जहां जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने का ऐलान किया है, जबकि सूर्यकुमार यादव ने इसकी पुष्टि की है।
टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान ने एक बार भारत को हराया था। पाकिस्तान ने पिछली बार 2021 में भारत को 10 विकेट से हराया था। वहीं, भारत ने न्यूयॉर्क में खेले गए पिछले विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 6 रनों से रोमांचक जीत हासिल की थी।
भारत की टीम से सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती खेलेंगे।
पाकिस्तान की टीम से सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक खेलेंगे।
आज का मैच दर्शकों के लिए बड़ा ही रोमांचक होने वाला है, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला रोमांचक मुकाबला क्रिकेट फैंस का दिल धड़कने के लिए तैयार है। इस मैच में भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा की वापसी ने मैच की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। फैंस इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जहां दोनों टीमें जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएंगी।









