लखनऊ में प्यार, ब्लैकमेल और खौफनाक अंत: कैफे मालिक शिवा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, इन्फ्लुएंसर गर्लफ्रेंड पर हत्या का केस!

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज से एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है, जिसने प्यार, रिश्ते और सोशल मीडिया की चकाचौंध के पीछे छिपे भयानक सच को उजागर कर दिया है। 27 वर्षीय युवा कारोबारी शिवा शर्मा, जो लखनऊ में ‘आंगन कैफे’ चलाता था, बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से रहस्यमय परिस्थितियों में गिर गया और उसकी मौत हो गई।

लेकिन यह सिर्फ एक हादसे की कहानी नहीं लगती। मृतक की माँ रंजना शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके आरोप बेहद संगीन हैं। माँ का दावा है कि उनकी आंखों के तारे को महीनों से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। जब बेटे का शव सामने आया, तो उसके शरीर पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान थे, जबड़ा टूटा हुआ था और पसलियों व पैरों में गंभीर चोटें थीं। माँ का सीधा आरोप है कि उनके बेटे को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया और फिर चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।

इतना ही नहीं, घटना के बाद घायल शिवा को अस्पतालों में घुमाए जाने और एंबुलेंस में लावारिस हालत में छोड़ने की बात भी सामने आई है, जिससे परिजनों का शक गहरा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर हजरतगंज पुलिस ने शिवा की इन्फ्लुएंसर लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल और ड्राइवर दानिश समेत अन्य लोगों पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

अब पुलिस फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए इस खौफनाक वारदात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। लेकिन इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया है और कई ऐसे सवाल छोड़ दिए हैं जिनका जवाब शहर का हर शख्स जानना चाहता है।

Related Articles

Back to top button