
YouTube ने अपने यूजर्स को एक शानदार तोहफा दिया है। कंपनी ने अब अपने सस्ते प्रीमियम लाइट प्लान में बैकग्राउंड प्ले और ऑफलाइन डाउनलोड जैसे फीचर्स को शामिल कर दिया है। यह बदलाव आज से लागू हो चुका है और अब प्रीमियम लाइट सब्सक्राइबर्स भी इन फीचर्स का मजा ले सकेंगे।
YouTube ने यूजर्स के फीडबैक को ध्यान में रखते हुए और सस्ते प्लान को और आकर्षक बनाने के लिए यह कदम उठाया है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रीमियम लाइट यूजर्स भी अब बिना किसी परेशानी के वीडियो डाउनलोड कर सकेंगे और बैकग्राउंड में भी YouTube चला सकेंगे।
प्रीमियम लाइट प्लान में अब क्या मिलेगा?
YouTube के अनुसार, प्रीमियम लाइट सब्सक्राइबर्स के लिए अब बैकग्राउंड प्ले और ऑफलाइन डाउनलोड सपोर्ट उपलब्ध होगा। बैकग्राउंड प्ले फीचर के जरिए यूजर्स जब अपनी स्क्रीन को मिनिमाइज करेंगे या लॉक करेंगे, तब भी वे YouTube वीडियो सुन सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन डाउनलोड फीचर यूजर्स को इंटरनेट के बिना वीडियो देखने की सुविधा प्रदान करेगा। इसके अलावा, प्रीमियम लाइट सब्सक्राइबर्स के लिए अधिकांश वीडियो एड-फ्री होंगे।
हालांकि, YouTube म्यूजिक प्रीमियम के लिए अभी भी यूजर्स को फुल प्रीमियम सब्सक्रिप्शन की जरूरत पड़ेगी।
यूजर्स को क्या फायदा होगा?
इस बदलाव के बाद यूजर्स को कई फायदे होंगे। बैकग्राउंड प्ले के फीचर से अब लंबी पॉडकास्ट, इंटरव्यू और डिस्कशन सुनने के लिए ऐप को खुला रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, दूरदराज के इलाकों में, जहां नेटवर्क कनेक्टिविटी की दिक्कत होती है, वहां यूजर्स वीडियो डाउनलोड कर सकेंगे और बिना नेटवर्क के भी उन्हें देख पाएंगे।
कीमत:
भारत में YouTube प्रीमियम की शुरुआती कीमत 149 रुपये प्रति महीना है, जबकि प्रीमियम लाइट प्लान 89 रुपये प्रति माह में मिलेगा। अगर आप परिवार के लिए प्रीमियम प्लान लेते हैं, तो उसकी कीमत हर महीने 299 रुपये है और इसमें 5 मेंबर तक जोड़ सकते हैं।









