
भारत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। गुरुवार को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस अहम मैच में भारत ने ‘करो या मरो’ स्थिति में जिम्बाब्वे के सामने 257 रनों का बड़ा टारगेट रखा। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम छह विकेट के नुकसान पर 184 रन ही बना पाई।
बता दें, जिम्बाब्वे की ओर से ओपनर ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 59 गेंदों में आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए, लेकिन अकेले दम पर टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। तदिवानाशे मारुमानी ने 20, कप्तान सिकंदर रजा ने 30, और टोनी मुनयोंगा ने 11 रन बनाए। ताशिंगा मुसेकिवा सात और डियोन मायर्स छह रन ही बना सके, जबकि रयान बर्ल बिना कोई रन बनाए आउट हो गए।
बता दें, भारत की गेंदबाजी शानदार रही। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट चटकाए, जबकि अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली। भारत के गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को रनों का पीछा करने में मुश्किल में डाले रखा और टीम को जीत दिलाई।
अब भारत को अपना आखिरी सुपर-8 मैच वेस्टइंडीज से 1 मार्च कोलकाता में खेलना है। इस मैच में जो भी टीम जीत हासिल करेगा, वह सेमीफाइनल में प्रवेश करेगा। भारत ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को हराना होगा।









