
उत्तर प्रदेश: रायबरेली जिले में क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। बैठक में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान एक बीडीसी सदस्य को रिवाल्वर दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय का है, जहां क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान किसी मुद्दे को लेकर बहस बढ़ गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बता दें, आरोप है कि इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सत्यभामा मौर्या के बेटे ने एक बीडीसी सदस्य को रिवाल्वर दिखाकर धमकाया। घटना के बाद बैठक में मौजूद अन्य लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बैठक के दौरान हंगामा और तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।









