दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन मनाने पहुंचे सीएम धामी, बच्चों के स्नेह से भावुक, आंखें हुईं नम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया।

बच्चों के स्नेह से भावुक हुए सीएम

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे बेहद उत्साहित और खुश नजर आए। सीएम ने बच्चों से संवाद किया, उनका हाल जाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों के स्नेह और आत्मीयता के बीच मुख्यमंत्री भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।

‘बच्चों के चेहरे की खुशी ही सबसे बड़ा उपहार’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है।

उन्होंने कहा कि हर बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं और समाज की जिम्मेदारी है कि दिव्यांग बच्चों को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button