
उत्तराखंड के हरिद्वार में उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक नाले से संदिग्ध हालात में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। यह मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां संत निरंकारी सत्संग भवन के पास नाले में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय जब कुछ राहगीरों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही गैस प्लांट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव नाले के किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की और आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव यहां कैसे पहुंचा।
अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।








