लिखित पास…लेकिन 2000 न देने पर प्रैक्टिकल में फेल, नर्सिंग छात्राओं ने प्रिंसिपल पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हाफिजगंज थाना क्षेत्र के लभेडा स्थित कृतिका नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं ने अपने कॉलेज प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है और थ्योरी परीक्षा में पास होने के बावजूद प्रैक्टिकल में फेल कर दिया जाता है।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रैक्टिकल परीक्षा में पास होने के नाम पर प्रिंसिपल 2000 रुपये की रिश्वत मांगती हैं। इस तरह के व्यवहार से छात्राएं मानसिक और शैक्षिक रूप से परेशान हैं। कई छात्राओं ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत से थ्योरी एग्जाम पास किया, लेकिन प्रैक्टिकल में बार-बार फेल किया जाता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार परेशान छात्राओं ने इस मामले की शिकायत सीधे जिला अधिकारी से की है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रिंसिपल की इस कार्रवाई से उनकी पढ़ाई और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

छात्राओं का कहना है कि यह सिर्फ एक छात्रा का मामला नहीं है, बल्कि कई छात्राओं के साथ यह समस्या लगातार चल रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि उनका शैक्षिक माहौल सुरक्षित और निष्पक्ष बना रहे।

Related Articles

Back to top button