
नव संवत्सर के पावन अवसर पर लखनऊ की इमार गोमती ग्रीन सोसायटी में भव्य राम नाम संकीर्तन यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरी सोसायटी “श्री राम जय जय राम”, “हरे कृष्ण” और “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठी। श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए और माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा दिखा।

सनातन धर्म मंच के तत्वावधान में आयोजित यह संकीर्तन यात्रा जी ब्लॉक से शुरू होकर फेज-2 होते हुए फेज-1 स्थित गोमतेश्वर महादेव मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में गोमतेश्वर महादेव की विधिवत आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान सनातन संस्कृति, धार्मिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

भजन संध्या के दौरान सुष्मिता राय के भजनों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सोसायटी की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सनातन धर्म के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया और एक-दूसरे को नव संवत्सर की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सनातन धर्म मंच के संरक्षक वी.एस. शुक्ला, विनोद कुमार तिवारी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राज किशोर राकेश समेत बड़ी संख्या में सोसायटी के गणमान्य लोग और निवासी उपस्थित रहे।









