WhatsApp का नया प्राइवेसी फीचर मैसेज पढ़ते ही होगा गायब, यूजर्स को मिलेगा पूरा कंट्रोल

WhatsApp जल्द ‘After Reading’ फीचर ला सकता है जिसमें मैसेज पढ़ने के 15 मिनट बाद खुद ही डिलीट हो जाएगा। यह फीचर खासतौर पर प्राइवेसी और कॉन्फिडेंशियल जानकारी के लिए उपयोगी होगा।

मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर लाने की तैयारी में है। इस फीचर का नाम ‘After Reading’ बताया जा रहा है, जो मैसेज पढ़ने के बाद उसे अपने आप डिलीट कर देगा। यह फीचर यूजर्स को चैट पर ज्यादा कंट्रोल देने के लिए तैयार किया जा रहा है।

WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फीचर को Android बीटा वर्जन 2.26.12.2 में देखा गया है। हालांकि, अभी यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और टेस्टिंग के लिए उपलब्ध नहीं है।

इस फीचर की खास बात यह है कि जैसे ही रिसीवर मैसेज पढ़ेगा, WhatsApp 15 मिनट का काउंटडाउन शुरू कर देगा। इसके बाद मैसेज अपने आप दोनों यूजर्स की चैट से गायब हो जाएगा। अगर मैसेज नहीं खोला गया, तो वह 24 घंटे तक मौजूद रहेगा और फिर खुद ही डिलीट हो जाएगा।

यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा जो OTP, पासवर्ड, एड्रेस या अन्य संवेदनशील जानकारी शेयर करते हैं। अभी तक WhatsApp में मैसेज तब तक रहता है जब तक यूजर उसे खुद डिलीट न करे या Disappearing Messages का उपयोग न करे, जिसमें 24 घंटे, 7 दिन या 90 दिन का विकल्प मिलता है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह नया फीचर रीड रिसीट बंद होने पर भी काम करेगा। यानी अगर किसी ने ब्लू टिक बंद कर रखा है, तब भी मैसेज पढ़ने के बाद ऑटो-डिलीट हो जाएगा।

फिलहाल कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि यह फीचर आने वाले समय में यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत करेगा।

Related Articles

Back to top button