
Uttar-Pradesh: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों को घबराने या अनावश्यक रूप से लाइन लगाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि प्रदेश में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
बता दें, सीएम योगी ने कहा कि रसोई गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के समय ही पेट्रोल-डीजल खरीदने के लिए जाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण दुनिया के कई हिस्सों में असर देखा जा रहा है, लेकिन भारत के अंदर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि अनावश्यक भीड़ और घबराहट से ही समस्या पैदा होती है, इसलिए लोगों को संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सभी जरूरी सेवाओं को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









