
लग्जरी और परफॉर्मेंस बाइक्स के लिए पहचानी जाने वाली बीएमडब्ल्यू मोटरराड ने भारतीय बाजार में अपनी नई सुपरबाइक बीएमडब्ल्यू एम 1000 आरआर लॉन्च कर दी है। इस सुपरबाइक की भारत में एक्स-शोरूम कीमत 59.90 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी इसे पूरी तरह से बनी-बनाई आयातित यूनिट (CBU) के तौर पर भारत ला रही है और देशभर की डीलरशिप्स पर इसकी बिक्री व बुकिंग शुरू हो चुकी है। खास बात यह है कि नए मॉडल में एम कॉम्पिटिशन पैकेज को स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किया गया है, जो ब्लैकस्टॉर्म मेटैलिक पेंट और एम ग्राफिक्स के साथ आता है।
इंजन और एयरोडायनेमिक्स की बात करें तो बाइक में 999 सीसी का अपडेटेड इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है, जो पहले के मुकाबले 6 hp अधिक पावर के साथ 218 bhp की ताकत जनरेट करता है। इसके सिलेंडर हेड, कंबशन चैंबर, टाइटेनियम वाल्व और टाइटेनियम एग्जॉस्ट सिस्टम में बदलाव किए गए हैं। तेज रफ्तार में स्थिरता और डाउनफोर्स बढ़ाने के लिए कार्बन-फाइबर-रीइन्फोर्स्ड प्लास्टिक से बने नए एम विंगलेट्स 3.0 और नया फ्रंट फेयरिंग डिजाइन दिया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में पहली बार डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ स्टीयरिंग-एंगल सेंसर आधारित स्लाइड कंट्रोल और रेस एबीएस प्रो के साथ ब्रेक स्लाइड असिस्ट के अलावा नया स्लिक एबीएस प्रो मोड जोड़ा गया है। साथ ही 58 डिग्री रोटेशन वाला एम शॉर्ट-स्ट्रोक थ्रॉटल तेज रिस्पॉन्स देता है। एम कॉम्पिटिशन पैकेज में एम कार्बन व्हील्स, 220 ग्राम हल्का एम फुटरेस्ट सिस्टम, डीएलसी-कोटेड एम एंड्योरेंस चेन, एनोडाइज्ड स्विंगआर्म पिवोट पॉइंट और एम जीपीएस लैपट्रिगर का एक्टिवेशन कोड शामिल है।









