आज रात 12:30 तक चलेगी लखनऊ मेट्रो, जानें क्यों और किस-किस दिन ऐसा होगा?

आईपीएल 2026 की शुरुआत हो चुकी है और लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भी कई मुकाबले रखे गए हैं। इसे देखते हुए लखनऊ मेट्रो ने आईपीएल फैन्स के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच वाले दिनों में मेट्रो सेवा देर रात 12.30 बजे तक संचालित होगी। इसके साथ ही स्टेडियम तक स्पेशल फ़ीडर बसों का भी इंतज़ाम किया गया है।

आधिकारिक कनेक्टिविटी पार्टनर के तौर पर लखनऊ मेट्रो

लखनऊ मेट्रो इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की आधिकारिक कनेक्टिविटी पार्टनर है। आईपीएल मैचों का समय शाम 7.30 बजे से होता है और ये मुकाबले देर रात तक जारी रहते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए मेट्रो ने देर रात तक सेवा देने का फैसला किया है।

स्पेशल फ़ीडर बसें भी चलेंगी

इन मैचों के दौरान इकाना स्टेडियम तक स्पेशल फ़ीडर बसें भी संचालित होंगी। ये बसें इंदिरा नगर और ट्रांसपोर्ट नगर से हर 15 मिनट में स्टेडियम तक चलेंगी, ताकि लोग ट्रैफिक जाम से बचकर आसानी से स्टेडियम और अपने घर तक पहुंच सकें। मेट्रो सेवा के चलते देर रात भी लोग सुरक्षित अपने घर लौट पाएंगे।

आईपीएल मुकाबले और तारीखें

लखनऊ में इस बार सात रोमांचक मुकाबले होंगे। ये मुकाबले 1, 12, 22, 26 अप्रैल और 7, 15, 23 मई को खेले जाएंगे। यूपी मेट्रो कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि उनका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि लोग मध्यरात्रि में भी मेट्रो सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

आईपीएल मैचों के दौरान लोगों में उत्साह बहुत बढ़ जाता है और बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचते हैं। देर रात तक मैच चलने के कारण लोगों को आवाजाही में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए यह सुविधा दी गई है।

Related Articles

Back to top button