
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। उत्तर पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में अचानक बदलाव आया है। कहीं-कहीं ओले भी गिर रहे हैं, और प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD Weather Update) के अनुसार, 5 अप्रैल को भी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन किसानों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अधिक बारिश हो रही है, वहीं अवध क्षेत्र में भी बारिश का सिलसिला जारी है। लखनऊ में शनिवार को 16 मिमी, कानपुर में 21.4 मिमी और झांसी में 6.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर 8 अप्रैल तक प्रदेश में रह सकता है, जिससे मौसम का मिजाज और किसानों की चिंता बढ़ी हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी 5 अप्रैल को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 5 और 6 अप्रैल को मौसम कुछ हद तक साफ रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल छाने और बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। साथ ही, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी हिस्सों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान के आने की चेतावनी भी जारी की है। इस बदलाव से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है और किसानों की फसल को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है।








