ग्राहक बनकर आए बदमाश ने ज्वैलर की आंखों में डाला स्प्रे, 7 अंगूठियां लेकर हुआ फरार

ग्रेटर नोएडा (कासना)। कासना कोतवाली क्षेत्र के काली चरण मार्केट में रविवार रात एक शातिर बदमाश ने फिल्म अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ने ज्वैलरी शोरूम के मालिक की आंखों में संदिग्ध स्प्रे छिड़क दिया और दुकान से करीब सात सोने की अंगूठियां लूटकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

खरीदारी के बहाने आया था बदमाश

पीड़ित दुकानदार शगुन के मुताबिक, काली चरण मार्केट में उनकी ‘शगुन ज्वैलर्स’ नाम से दुकान है। रविवार रात करीब 9 बजे, जब बाजार बंद होने का समय हो रहा था, तभी एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी के लिए सोने की अंगूठी खरीदनी है। शगुन ने उसे अंगूठियां दिखाना शुरू किया।

आंखों में स्प्रे कर वारदात को दिया अंजाम

पीड़ित ने बताया कि जब वे अंगूठियां दिखाने में व्यस्त थे, तभी अचानक बदमाश ने अपनी जेब से एक स्प्रे निकाला और शगुन की आंखों पर छिड़क दिया। स्प्रे इतना तीखा था कि पीड़ित की आंखों में तेज जलन होने लगी और उन्हें दिखना बंद हो गया। जब तक वे शोर मचाते या कुछ समझ पाते, बदमाश काउंटर पर रखी करीब सात अंगूठियां लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना के समय शगुन दुकान पर अकेले थे।

पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज

सूचना मिलने के बाद कासना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और घटनास्थल की जांच की गई है। जांच के दौरान दुकान के पास ही दो अंगूठियां गिरी हुई मिली हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अब दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, जिसमें बदमाश का चेहरा और वारदात का तरीका साफ नजर आ रहा है। प्रभारी निरीक्षक ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button