UP News: कानपुर में खाकी पर हमले से बढ़ी चिंता, 15 दिन में 7 घटनाएं, कई पुलिसकर्मी घायल…

कानपुर में पुलिस पर बढ़ते हमले, 15 दिनों में 7 घटनाएं, कई पुलिसकर्मी घायल। प्रशासन ने सख्त कदम उठाए, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई।

Uttar-Pradesh: कानपुर में कुछ घटनाएं ऐसी हो गई जिसमें पुलिस की व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए। बीते 15 दिनों में सात अलग-अलग घटनाओं में या तो पुलिस के साथ मारपीट की गई या दुर्व्यवहार किया गया। ऐसे में कानपुर में पुलिस की व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।

नौटंकी कार्यक्रम में पुलिस पर हमला, PAC जवान पर कुल्हाड़ी से वार

कानपुर में पुलिस पर लगातार हो रहे हमलों ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनियापुरवा गांव में नौटंकी कार्यक्रम के दौरान नशे में धुत युवकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान एक PAC जवान पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।

चालान से नाराज चालक ने पुलिस बूथ पर किया पथराव

घंटाघर क्षेत्र में चालान कटने से नाराज एक टेंपो चालक ने साथियों के साथ मिलकर पुलिस बूथ पर ईंट-पत्थर चला दिए। इस घटना में बूथ के शीशे टूट गए और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए हटना पड़ा। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

अलग-अलग घटनाओं में वर्दी फाड़ी, जवानों से मारपीट

बीते दिनों हर्ष नगर में डायल-112 पर तैनात कांस्टेबल का सिर फोड़ दिया गया और वर्दी तक फाड़ दी गई। वहीं गुमटी क्षेत्र में ट्रैफिक सिपाही को सड़क पर गाड़ी हटाने की बात कहने पर पीट दिया गया। नरवल क्षेत्र में भी पुलिस टीम पर हमला कर चौकी में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। इन लगातार घटनाओं ने खाकी की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज

लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button