असम और बंगाल एग्जिट पोल, NDA और BJP को बढ़त के संकेत, सियासी सरगर्मी तेज…

असम में NDA और पश्चिम बंगाल में BJP को एग्जिट पोल में बढ़त का अनुमान, कांग्रेस और TMC को नुकसान की संभावना जताई गई।

असम और पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। Axis My India और प्रजा पोल के ताजा अनुमानों ने दोनों राज्यों में सत्ता की तस्वीर को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।

बता दें, असम में Axis My India के एग्जिट पोल के अनुसार एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनने के संकेत मिल रहे हैं। अनुमान के मुताबिक NDA को 88 से 100 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जो स्पष्ट बहुमत की ओर इशारा करती है। वहीं कांग्रेस को 24 से 36 सीटों तक सीमित रहने का अनुमान लगाया गया है। इस आंकड़े के बाद NDA खेमे में उत्साह का माहौल है।

वहीं, दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में प्रजा पोल के एग्जिट पोल ने भी राजनीतिक चर्चा को नया मोड़ दे दिया है। इस सर्वे के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 193 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, जिससे उसे सरकार बनाने की स्थिति में बताया जा रहा है। वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 100 सीटों तक सीमित रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य दलों को केवल 1 सीट मिलने का अनुमान है।

दोनों राज्यों के ये एग्जिट पोल चुनावी नतीजों से पहले ही राजनीतिक समीकरणों को बदलते नजर आ रहे हैं। हालांकि अंतिम परिणाम ईवीएम खुलने के बाद ही स्पष्ट होंगे, लेकिन फिलहाल इन अनुमानों ने राजनीतिक दलों की रणनीति और माहौल दोनों को गर्म कर दिया है।

Related Articles

Back to top button