
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित नगर कोतवाली क्षेत्र के कैला भट्ठा इलाके में एक हाई-प्रोफाइल पारिवारिक और कानूनी विवाद सामने आया है। समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद और रसूखदार नेता हाजी खलील पर उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला केवल चार निकाहों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें करोड़ों की संपत्ति, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग की भी बू आ रही है।
मैनेजर साहब का छात्रा पर आया दिल
पीड़ित पत्नी नाजरीन के मुताबिक 70 वर्षीय हाजी खलील दो साल पहले एक जूनियर हाईस्कूल के मैनेजर थे। आरोप है कि इसी दौरान उनका दिल स्कूल की ही एक 20 वर्षीय छात्रा पर आ गया और उन्होंने गुपचुप तरीके से उससे चौथा निकाह कर लिया। विवाद तब बढ़ा जब हाजी खलील ने अपनी करीब 50 करोड़ की जायदाद का बड़ा हिस्सा अपनी चौथी पत्नी के नाम करना शुरू कर दिया और दूसरी पत्नी व बच्चों को घर से निकालने की धमकी दी।
निकाह, तलाक और 11 बच्चों का कुनबा
हाजी खलील की रंगीनमिजाजी का इतिहास काफी पुराना बताया जा रहा है। वे 1995 और 2000 में दो बार पार्षद रह चुके हैं। उनकी पहली पत्नी से 8 बच्चे हैं, जबकि दूसरी पत्नी नाजरीन से 3 बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) हैं। आरोप है कि 2010 में उन्होंने तीसरा निकाह किया था, लेकिन संतान न होने पर उसे तीन तलाक देकर अलग कर दिया। अब 20 साल की छात्रा के साथ चौथे निकाह ने पूरे परिवार में दरार पैदा कर दी है।
अवैध कब्जे और पुलिसिया जांच
केवल पारिवारिक विवाद ही नहीं, हाजी खलील की मुश्किलें कानूनी तौर पर भी बढ़ी हुई हैं। उन पर नगर निगम की करीब 30 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान और पार्किंग चलाने का भी आरोप है, जिस पर FIR दर्ज हो चुकी है। एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) जयकरन नैय्यर के पास पहुंची इस शिकायत के बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि यह मामला मुख्य रूप से प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।









