
Lucknow: नवाबों के शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने शहर की सबसे आधुनिक सुरक्षा प्रणाली ‘सेफ सिटी परियोजना’ को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है। मामला गोमती नगर विस्तार और शहीद पथ इलाके का है, जहाँ शातिर चोरों ने आईपीएल (IPL) के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक मॉनिटरिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले कैमरों को पूरी तरह बंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात चोरों ने शहीद पथ के आसपास लगे लगभग 40 सीसीटीवी कैमरों के कीमती उपकरण चोरी कर लिए। चोरों ने बड़ी चालाकी से कैमरों के बॉक्स खोलकर उनमें लगे स्विच, बैटरी और यूपीएस (UPS) समेत करीब 1.25 लाख रुपये का माल पार कर दिया है। उपकरणों की चोरी के चलते शहीद पथ पर सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए लगाई गई ‘तीसरी आंख’ पूरी तरह अंधी हो गई है।
हैरानी की बात यह है कि ये कैमरे आईपीएल मैचों के दौरान दर्शकों की भीड़ और वीआईपी मूवमेंट पर नजर रखने के लिए बेहद अहम थे। कैमरों के बंद होने से गोमती नगर विस्तार और शहीद पथ पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि इस गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। चोरों ने प्रशासन के इस सेफ सिटी प्रोजेक्ट को चुनौती देकर 1.25 लाख के उपकरण पार कर दिए। पुलिस जांच पड़ताल कर रही हैं और दोषियों की तलाश में जुटी हैं।









