
WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक के बाद एक नए फीचर्स लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी का मकसद मैसेजिंग एक्सपीरियंस को पहले से ज्यादा बेहतर और सुविधाजनक बनाना है। इन नए फीचर्स में 2GB का फ्री क्लाउड स्टोरेज, एक बार पढ़ने के बाद गायब होने वाले टेक्स्ट मैसेज और बिना क्वालिटी घटाए फोटो-वीडियो भेजने का विकल्प शामिल है। इसके अलावा Android ऐप के डिजाइन में बदलाव और AI आधारित फोटो एडिटिंग टूल भी पेश किया जा सकता है।
इनमें से कुछ फीचर्स की बीटा वर्जन में टेस्टिंग चल रही है, जबकि कुछ सुविधाएं चुनिंदा यूजर्स के लिए रोलआउट की जा रही हैं। आइए जानते हैं WhatsApp के इन पांच नए फीचर्स के बारे में।
1. टेक्स्ट मैसेज के लिए मिलेगा View Once फीचर
WhatsApp अब टेक्स्ट मैसेज के लिए भी View Once फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। अभी तक यह सुविधा फोटो, वीडियो और वॉयस मैसेज के लिए उपलब्ध है। नए फीचर के आने के बाद यूजर्स ऐसे टेक्स्ट मैसेज भेज सकेंगे, जिन्हें रिसीवर सिर्फ एक बार पढ़ पाएगा।
इसके लिए रिसीवर को मैसेज पर टैप करना होगा। एक अलग स्क्रीन पर मैसेज खुलने के बाद उसे बंद करते ही वह चैट से गायब हो जाएगा। इससे यूजर्स को निजी बातचीत के लिए एक नया विकल्प मिलेगा।
2. Google Drive के बिना मिलेगा 2GB फ्री क्लाउड स्टोरेज
WhatsApp का दूसरा बड़ा फीचर चैट बैकअप से जुड़ा है। फिलहाल Android यूजर्स Google Drive और iPhone यूजर्स iCloud की मदद से अपनी चैट का बैकअप लेते हैं। लेकिन नए फीचर के बाद यूजर्स WhatsApp के अपने क्लाउड स्टोरेज का इस्तेमाल भी कर सकेंगे।
इस सुविधा के तहत कंपनी 2GB तक फ्री स्टोरेज देने की तैयारी कर रही है। खास बात यह है कि इस क्लाउड बैकअप को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रखा जाएगा। इससे यूजर्स को चैट बैकअप के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।
3. Android ऐप में दिखेगा iPhone जैसा Floating Navigation Bar
WhatsApp अपने Android ऐप के डिजाइन में भी बदलाव करने जा रहा है। इसके तहत नीचे दिखाई देने वाला नेविगेशन बार अब पहले की तरह स्क्रीन के किनारे से जुड़ा हुआ नहीं होगा, बल्कि फ्लोटिंग स्ट्रिप की तरह नजर आएगा।
इस नए बार में Chat, Update, Contact और Call जैसे विकल्प मिलेंगे। इसका डिजाइन iPhone ऐप में मिलने वाले नेविगेशन बार जैसा हो सकता है। कंपनी का उद्देश्य ऐप के इंटरफेस को ज्यादा आधुनिक और इस्तेमाल में आसान बनाना है।
4. AI की मदद से तस्वीरों का साइज बढ़ा सकेंगे यूजर्स
WhatsApp में AI आधारित फोटो एक्सपेंशन टूल भी जोड़ा जा रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी तस्वीरों का फ्रेम बड़ा कर सकेंगे।
दरअसल, जब किसी फोटो के किनारों को बढ़ाया जाएगा तो AI आसपास के हिस्से को खुद तैयार करेगा। इससे तस्वीर का फ्रेम बड़ा करने के साथ उसके आसपास का बैकग्राउंड भी बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा। फिलहाल यह फीचर सीमित यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है।
5. Original क्वालिटी में भेज सकेंगे फोटो और वीडियो
WhatsApp पर अभी फोटो और वीडियो भेजने के लिए Standard और HD क्वालिटी के विकल्प मिलते हैं। अब कंपनी Original Quality का नया विकल्प तैयार कर रही है।
इस फीचर के आने के बाद यूजर्स फोटो और वीडियो को बिना कंप्रेस किए भेज सकेंगे। यानी मीडिया फाइल की ओरिजिनल क्वालिटी बरकरार रखने में मदद मिलेगी। खासतौर पर उन यूजर्स के लिए यह फीचर उपयोगी हो सकता है, जो WhatsApp के जरिए हाई-क्वालिटी फोटो और वीडियो शेयर करते हैं।
कब तक सभी यूजर्स को मिलेंगे ये 5 नए फीचर्स?
WhatsApp के इन सभी फीचर्स का रोलआउट अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है। View Once टेक्स्ट मैसेज, क्लाउड बैकअप और नया नेविगेशन बार फिलहाल चुनिंदा यूजर्स तक पहुंच चुके हैं।
वहीं, Original Quality में फोटो-वीडियो भेजने का विकल्प अभी डेवलपमेंट स्टेज में है। दूसरी तरफ AI फोटो एक्सपेंशन फीचर भी सीमित स्तर पर रोलआउट किया जा रहा है।
हालांकि, कंपनी की ओर से इन सभी फीचर्स को सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। ऐसे में इनके व्यापक रोलआउट के लिए अभी इंतजार करना होगा।








