
Agra: ताजनगरी आगरा में जनगणना को लेकर एक नई शुरुआत हुई है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। डिजिटल इंडिया की दिशा में इसे प्रशासन का एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।
अभियान के उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के आला अधिकारियों को ट्रेनिंग दी। उन्होंने बताया कि किस तरह तकनीक का उपयोग कर आम नागरिक बिना किसी परेशानी के घर बैठे अपनी और अपने परिवार की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। डीएम मनीष बंसल ने जोर देकर कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया अत्यंत सरल और सुरक्षित है।
जन-जागरूकता पर जोर
डीएम ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा, “यह केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि एक जन-भागीदारी का मौका है। आम जनता को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि लोग खुद आगे बढ़कर अपना विवरण दर्ज करें।”
इस पहल से जनगणना के आंकड़ों में सटीकता आएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचने में आसानी होगी। प्रशासन ने साफ किया है कि डिजिटल माध्यम से डेटा दर्ज करने वाले नागरिकों को तहसील या सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे।









